राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की ओर से जारी सूचना के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 में आज 24 जुलाई को अपराह्न 4 बजे तक 55.00 प्रतिशत मतदान हुआ है। बता दें सुबह 10 बजे तक 11.72 प्रतिशत, 12 बजे तक 27 प्रतिशत और दोपहर 2 बजे तक 41.87% प्रतिशत मतदान हुआ है।
आज पहले चरण में सदस्य ग्राम पंचायत के 2247, प्रधान के 9731, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 4980 और सदस्य जिला पंचायत के 871 प्रत्याशियों के लिए चुनाव हो रहा है। वहीँ दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को होगा और मतगणना 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से होगी। गढ़वाल के छह जिलों में मतदान सुबह से शांतिपूर्ण चल रहा है। इस दौरान बूथों पर भीड़ उमड़ रही है। वहीं, बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं से लेकर बुजुर्ग और दिव्यांग भी पूरे जोश के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़ चढ़कर भारीदारी निभाई।
पहाड़ों में बारिश का कहर, उफनते नाले को पार कर बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के क्रम में आज राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नगला तराई, जिला ऊधमसिंह नगर में बूथ न0 3 पर लाईन में लगकर मतदान किया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी माताजी श्रीमती बिशना देवी ने भी मतदान किया।
मुख्यमंत्री ने सभी ग्रामीण मतदाताओं से त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में उत्साह पूर्वक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट राज्य में पंचायतों को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

