दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा।
मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में तेज गरज-चमक और बहुत तेज बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा: बोलेरो खाई में गिरी, पांच की मौत; 16 वर्षीय किशोर घायल
24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगे अधिकारी
मौसम को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों को सावधानी बरतने और 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। विभागों को जरूरी उपकरण और संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।
बारिश के कारण अगर किसी सड़क पर यातायात बंद होता है तो उसे जल्द से जल्द खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन बंद नहीं करने और जरूरी सुरक्षा उपकरण अपने साथ रखने को कहा गया है। किसी भी आपदा की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) को देने के निर्देश हैं।
पर्यटकों और लोगों से सावधानी बरतने की अपील
आपदा प्रबंधन सचिव ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा या जोखिम लेने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

