कुंडाधार के पास हुआ हादसा, एक ही परिवार के सात लोग थे सवार; एक व्यक्ति अब भी लापता, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर शुक्रवार को कुंडाधार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डंपिंग जोन के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर घायल हो गया। वाहन में एक ही परिवार के सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है, जिसकी तलाश में SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी है।

जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को देवप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर आगे पौड़ी की ओर कुंडाधार के समीप डंपिंग जोन के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन खाई में काफी नीचे जा गिरा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और देवप्रयाग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल 16 वर्षीय अरमान पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 आपातकालीन सेवा की मदद से उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग भेजा गया।

हादसे की सूचना मिलने पर SDRF पोस्ट श्रीनगर से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दुर्गम और बेहद कठिन परिस्थितियों के बीच SDRF जवानों ने खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पांच लोगों के शव बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
अफजाल पुत्र अकबर सूफी, उम्र 49 वर्ष
गुफरान पुत्र अकबर, उम्र 34 वर्ष
सब्बू पत्नी अफजाल, उम्र 40 वर्ष
अनामिया पुत्री अफजाल, उम्र 3 वर्ष
शादाब पुत्र अफजाल, उम्र 14 वर्ष
इसे भी पढ़े- Pauri Garhwal: छात्र का शव कमरे में फंदे से मिला, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मृतकों के संबंध में आवश्यक अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
